कोटला (कांगड़ा)। उपमंडल कोटला के अंतर्गत आने वाले सोलधा गांव के वार्ड-7 में बिजली व्यवस्था की समस्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। क्षेत्र में बिजली लाइन का कार्य शुरू किया गया था जो करीब तीन महीने से अधूरा पड़ा हुआ है। ट्रांसफार्मर नहीं लगने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में अब भी सिंगल फेस बिजली सप्लाई दी जा रही है जिस कारण कम वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। कम वोल्टेज के चलते लोगों के घरों में लगे फ्रिज, पंखे, वॉशिंग मशीन और अन्य बिजली उपकरण ठीक तरीके से काम नहीं कर पा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय कम वोल्टेज की समस्या और अधिक बढ़ जाती है। इस कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में भी भारी दिक्कत हो रही है। साहिल कुमार, अर्जुन सिंह राणा, आयुष धीमान, शोभित धीमान और विजय धीमान सहित अन्य ने बिजली बोर्ड और प्रशासन से मांग की कि जल्द अधूरे पड़े कार्य को पूरा कर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर लगाया जाए।
इस बारे में बिजली बोर्ड कोटला के एसडीओ कुंदन सिंह ने बताया यह मामला उनके ध्यान में आया है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।