नीट पेपर लीक मामले धरना प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता और विधायक किशोरी लाल। -जागरुक पाठक
बैजनाथ/जयसिंहपुर (कांगड़ा)। नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर निर्दोष विद्यार्थियों व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुए कथित बर्बरतापूर्ण व्यवहार के खिलाफ शनिवार को कांगड़ा जिले के बैजनाथ और जयसिंहपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार रोष प्रदर्शन किया। दोनों स्थानों पर रैलियां निकालकर केंद्र सरकार व परीक्षा संचालन एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
बैजनाथ में स्थानीय विधायक किशोरी लाल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से एसडीएम कार्यालय तक विशाल रैली निकाली। विधायक किशोरी लाल ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन छात्रों की आवाज को लाठियों के बल पर दबाना निंदनीय है। वहीं, नेता रविंद्र बिट्टू ने छात्रों के हक में संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया।
उधर, जयसिंहपुर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जसवंत डढ़वाल के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से बस स्टैंड होते हुए एसडीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। जसवंत डढ़वाल ने कहा कि परीक्षाओं में हो रही धांधली से लाखों मेधावी युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने पेपर लीक गिरोह, दलालों और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की।
नीट पेपर लीक मामले धरना प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता और विधायक किशोरी लाल। -जागरुक पाठक