पालमपुर (कांगड़ा)। चिकित्सा खंड गोपालपुर में 21 से 23 दिसंबर तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस महाअभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एसडीएम पालमपुर नेत्रा मेती की अध्यक्षता में ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक हुई। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दो बूंद जिंदगी की थीम के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के हर बच्चे को कवर करना सुनिश्चित करें।
एसडीएम नेत्रा मेती ने बताया कि अभियान के पहले दिन 21 दिसंबर को चिकित्सा खंड गोपालपुर में स्थापित 81 बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद जो बच्चे किन्हीं कारणों से बूथ पर दवा नहीं पी सकेंगे, उन्हें कवर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें 22 और 23 दिसंबर को घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि पोलियो सुरक्षा चक्र को मजबूत रखने के लिए यह जरूरी है कि यदि कोई पात्र बच्चा बीमार भी है तो भी उसे पोलियो की खुराक पिलाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को माइक्रोप्लानिंग और फील्ड स्तर पर समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता से भी आह्वान किया कि वे अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करें।
बैठक में चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिपाशा मिश्रा, सीडीपीओ रीना, आयुष विभाग से डॉ. रितेश शर्मा और हेल्थ सुपरवाइजर भूपिंद्रा राणा व सरिता देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।