धर्मशाला। जिला कांगड़ा में महिला, पुरुष कांस्टेबल और चालकों के 293 पदों के लिए लिखित परीक्षा 27 मार्च को 27 विभिन्न परीक्षा केंद्रों में होगी। दोपहर 12 से एक बजे तक होने वाली इस लिखित परीक्षा के दौरान हर परीक्षा हाल में जैमर लगाए जाएंगे।
440 कमरों में होने वाली इस लिखित परीक्षा के दौरान 27 राजपत्रित अधिकारी, 49 परीक्षा केंद्र अधीक्षक, 653 पर्यवेक्षक, 86 वीडियोग्राफर और 700 पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। पात्र अभ्यर्थियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और लॉगिन आईडी पर एडमिट कार्ड भेज दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा में पुरुष कांस्टेबल के 205, महिला कांस्टेबल की 68 और पुरुष चालक के 20 पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए थे। 24 नवंबर से 18 दिसंबर तक चले फिटनेस टेस्ट में कुल 20,104 अभ्यर्थियों ने पहला चरण पास कर लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश किया था। इनमें 16,698 पुरुष, 3223 महिला व 183 पुरुष चालक शामिल हैं।
इन केंद्रों में होगी लिखित परीक्षा
पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों में राजकीय आईटीआई बैजनाथ, क्रेयंस वर्ल्ड स्कूल नियर रेलवे क्रॉसिंग पंडोल रोड बैजनाथ, पीएसआर गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बैजनाथ, माउंट कार्मल स्कूल बैजनाथ, श्री साई यूनिवर्सिटी बैजनाथ, डीएवी स्कूल पालमपुर, एसटी पाल्स स्कूल पालमपुर, कैंब्रिज स्कूल पालमपुर, शहीद कैप्टन बिक्रम बतरा कॉलेज पालमपुर, केएलबी गर्ल्स कॉलेज पालमपुर, नेताजी सुभाष चंद्र नर्सिंग कॉलेज पालमपुर, दिल्ली पब्लिक स्कूल पालमपुर, डीएमसी अस्पताल पालमपुर, सीएसके एचपीवीके पालमपुर, गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म डिग्री कॉलेज राजपुर पालमपुर व माउंट कार्मल स्कूल पालमपुर शामिल हैं। इसके अलावा डिग्री कॉलेज धर्मशाला, डाइट धर्मशाला, बीएड कॉलेज धर्मशाला, आईटीआई दाड़ी, डीएवी स्कूल धर्मशाला, इंजीनियरिंग कॉलेज नगरोटा बगवां, राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां, ओबीसी भवन नगरोटा बगवां, अक्षय मैरिज पैलेस चाहड़ी रोड़ नगरोटा बगवां, हिमालयन सीनियर सेकेंडरी स्कूल नगरोटा बगवां और बी फार्मेसी कॉलेज नगरोटा बगवां को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।