धर्मशाला। जिला कांगड़ा में आदर्श आचार संहिता के बीच पिछले तीन माह में पुलिस ने 1.84 करोड़ से अधिक की शराब और नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि कांगड़ा ने 1 मार्च से 6 जून तक 7,664 लीटर शराब और 5270.26 ग्राम ड्रग्स बरामद की है। इस दौरान आदर्श आचार संहिता लागू थी, इस अवधि के दौरान जिला पुलिस की ओर से कार्रवाई के दौरान यह सफलता हासिल हुई है।
पुलिस ने इस अवधि के दौरान आबकारी, एनडीपीएस और गैंबलिंग एक्ट के तहत 202 एफआईआर भी दर्ज की हैं, जिसमें आबकारी अधिनियम में 162, एनडीपीएस एक्ट में 38 और गैंबलिंग एक्ट के तहत दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। गैंबलिंग एक्ट के तहत 5,780 रुपये नकदी भी पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने मार्च में 3,37,110 रुपये कीमत की 1049 लीटर शराब, अप्रैल में 25,89,989 कीमत की 5939.16 लीटर शराब, मई में 2,30,485 रुपये कीमत की 652.59 लीटर शराब और 6 जून से अब तक 6,975 रुपये कीमत की 23.25 लीटर शराब बरामद की है।
इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत मार्च में 25,84,192 कीमत की 2353.57 ग्राम ड्रग्स/नारकोटिक्स, अप्रैल में 32,92,700 रुपये कीमत की 1272.61 ग्राम और मई में 18 लाख 1 हजार 995 कीमत की 1644.08 ग्राम ड्रग्स/नारकोटिक्स बरामद की गई।