राजीकय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देहरा में अमर उजाला की पुलिस की पाठशाला के दौरान विद्यार्थी
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) देहरा में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस जिला देहरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मयंक चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल, साइबर क्राइम, मोटर व्हीकल एक्ट और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।
एसपी ने कहा कि विद्यार्थी 18 साल के होने पर ही वाहन चलाएं और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें। यदि आपके पास लर्निंग लाइसेंस है तो वाहन चलाते समय उसके आगे-पीछे बड़े अक्षरों में ''''एल'''' अवश्य लिखें। साथ ही स्थायी लाइसेंस धारक के साथ ही वाहन चलाएं। वाहन चलाते समय सड़क पर पुलिस हाथ दिखाकर रुकने का इशारा करे तो जरूर रुकें, भागे नहीं। उतावलेपन में हादसा होने का डर रहता है। यदि कहीं पर भी नशे का कारोबार करने वाले नजर आते हैं या कोई नशे के लिए आपको कहता है तो अपने स्कूल अध्यापक और पुलिस को अवश्य सूचित करें। सोशल मीडिया और एआई के दौर में सभी को सजग रहने की जरूरत है। कहा कि सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट पर पुलिस कार्रवाई कर सकती है, खासकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना, भड़काऊ टिप्पणी, अफवाह फैलाना या आपत्तिजनक पोस्ट करने पर। जरूरी है कि अपनी निजी जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करें और किसी भी अनचाहे लिंक पर क्लिक न करें। ऐसा करने से साइबर ठगी से बचा जा सकता है। उन्होंने पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में सवाल-जवाब करने वाले छह छात्रों को प्रशस्ति पत्र देने की बात कही।
- स्कूल के वाइस प्रिंसिपल मोहिंद्र सिंह ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है जो उनके भविष्य के लिए अहम साबित होता है। लक्ष्य निर्धारित करके किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
- पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम से ट्रैफिक नियमों के साथ महत्वपूर्ण जानकारी मिली और ये जानकारी भविष्य में काफी फायदेमंद साबित होगी।
-सृष्टि, कक्षा जमा दो
- कार्यक्रम में नाबालिग को वाहन नहीं चलाने की जानकारी मिली और लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने के साथ-साथ दूसरी महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियों मिलीं।
-कशिश, कक्षा जमा दो
- पुलिस की पाठशाला में मन में पुलिस के प्रति जो डर था, वह जागरूक होकर दूर हुआ। पुलिस ने अहम जानकारी दी। कानूनों के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिला।
-नेहा
कार्यक्रम में सोशल मीडिया, साइबर क्राइम, मोटर व्हीकल और नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूक किया गया। इस जानकारी से वह दूसरों को भी जागरूक करेंगी।
-रिधिमा