धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के क्षेत्रीय केंद्र मोहली में सोमवार को छह दिवसीय प्लेसमेंट ड्राइव का आगाज हुआ। पहले दिन 108 लोग उपस्थित रहे, जिनमें से 31 अभ्यर्थियों ने सॉलिटेयर इन्फोसिस प्राइवेट लिमिटेड, मोहली के लिए आयोजित साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लिया। एमसीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी तकनीकी दक्षता और ज्ञान का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में ईशा कौंडल (बिजनेस एनालिस्ट) और प्रीति कपूर (बिजनेस एनालिस्ट) ने स्रोत व्यक्ति रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को वेब डेवलपमेंट, एआई, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन, कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम डेवलपमेंट और मोबाइल एप डेवलपमेंट (एंड्रॉयड एवं आईओएस) जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों से अवगत कराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. कुलदीप अत्री ने विद्यार्थियों को तकनीकी नवाचार, उद्योग की नई दिशाओं और कौशल विकास के महत्व पर प्रेरक विचार साझा किए। विशिष्ट अतिथि प्रो. डीपी वर्मा ने शिक्षा और उद्योग के बीच सहयोग को समय की आवश्यकता बताया। अंत में संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने सॉलिटेयर इन्फोसिस प्राइवेट लिमिटेड के साथ इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट के अवसरों पर चर्चा की। यह पहल विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा अत्यंत सराही गई, क्योंकि इससे शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का अवसर मिला।