जसूर (कांगड़ा)। प्रमुख थोक व्यापारिक केंद्र जसूर बाजार इन दिनों फ्लाईओवर निर्माण कार्य के कारण भारी मशीनरी और सीमेंट ब्लॉकों से लदे ट्रालों से घिरा हुआ है। बाजार में आधे रास्ते को डायवर्ट किया गया है, जिसके चलते सारा दिन यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे बाजार में त्योहारी खरीदारी के लिए पहुंचे बाहरी ग्राहकों और स्थानीय कारोबारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संकरी सड़कों में जगह-जगह खड़ीं मशीनों और निर्माण सामग्री के चलते ट्रैफिक जाम आम हो गया है। स्थानीय कारोबारियों ने कहा कि बरसात से पहले तीन माह जहां पहले कारोबार कम रहा और अब त्योहारी सीजन में यहां ओवरब्रिज का काम चरम सीमा पर चल रहा है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव राजू और मार्केट वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष डॉ. चंदेश्वर गुप्ता ने संबंधित विभागों और सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज से आग्रह किया है कि दिवाली तक निर्माण कार्य को आंशिक रूप से स्थगित कर व्यापारियों को राहत दी जाए। निर्माण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी हरप्रीत सिंह ने कहा कि कंपनी 18 से 21 अक्तूबर तक निर्माण कार्य बंद रखेगी, जिससे बाजार में आने वाले लोगों को असुविधा न हो। संवाद