बिलिंग लैंडिंग साइट पर जताया विरोध, सांसद अनुराग शर्मा से लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
बीड़ (कांगड़ा)। इंग्लैंड के पैराग्लाइडर पायलट मैक्स की रविवार रात योल की पहाड़ियों के ऊपर दुर्घटना में मौत के बाद बैजनाथ प्रशासन ने सोलो पैराग्लाइडिंग पर रोक लगा दी है। इसके चलते सोमवार को बिलिंग में सोलो उड़ानें पूरी तरह बंद रहीं। प्रशासन के फैसले के विरोध में देशी-विदेशी पायलटों ने लैंडिंग साइट पर एकत्रित होकर रोष जताया।
गुजरात के पायलट जगदीश ने कहा कि विदेशी पायलट लंबी उड़ानों का अभ्यास करने के लिए लाखों रुपये खर्च कर बीड़-बिलिंग पहुंचते हैं। लंबी उड़ानों के अभ्यास के लिए साल में सीमित समय मिलता है। ऐसे में रोक से पैराग्लाइडिंग गतिविधियों और पर्यटन को नुकसान होगा। दिल्ली के पायलट दक्ष नयन, जो हाईकोर्ट में अधिवक्ता भी हैं, ने कहा कि एयरो क्लब ऑफ इंडिया की एडवाइजरी के अनुसार पायलट सुरक्षा नियमों का पालन करते हैं। उनके अनुसार, एक हादसे के बाद उड़ानों पर रोक लगाना उचित नहीं है। नीदरलैंड और नॉर्वे के पायलटों ने भी नाराजगी जताई।
पायलटों ने एसडीएम बैजनाथ से फोन पर बात की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा से मिला। सांसद ने इस मामले में एसडीएम और जिलाधीश से चर्चा की। मंगलवार को बैठक के बाद अगला निर्णय लिए जाने की संभावना है। इस बारे में एसडीएम संकल्प गौतम ने बताया कि तेज हवाओं, बारिश, कम दृश्यता, बादलों की स्थिति में बदलाव और मौसम में अचानक परिवर्तन से पैराग्लाइडिंग गतिविधियों में जोखिम बढ़ गया है। मानव जीवन की सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एहतियातन यह कदम उठाया गया है।
पर्यटन कारोबार पर असर की आशंका
पैराग्लाइडिंग सुपरवाइजर रणविजय की अगुवाई में सुबह चार बजे से ही सोलो पायलटों को बिलिंग जाने से रोक दिया गया। होटल व्यवसायियों सुरेश ठाकुर और अंकित सूद के अनुसार, विदेशी पर्यटक बुकिंग रद्द कर रहे हैं और कुछ बिलासपुर और मनाली का रुख कर रहे हैं। इससे क्षेत्र के पर्यटन कारोबार को नुकसान पहुंचने की आशंका है।