बैजनाथ (कांगड़ा)। छोटा भंगाल के पलाचक गांव में ढांक से लुढ़कने से मारे गए उज्बेकिस्तान के 23 वर्षीय पायलट कोनस्टेंडी के शव का रविवार को पोस्टमार्टम करवाया गया। उज्बेकिस्तान के पायलट ने फ्री फ्लायर के तौर पर बिलिंग से वीरवार को उड़ान भरी थी।
शुक्रवार को बीड़ में अन्य पायलटों से उसका किसी भी प्रकार का संपर्क न होने पर उसकी तलाश शुरू की गई। शुक्रवार को रूस के पायलट जीनिया ने लापता पायलट को छोटा भंगाल की पहाड़ियों में तलाश कर लिया था। शुक्रवार दोपहर बाद बचाव दल को पलाचक गांव के समीप घटनास्थल के रवाना किया गया था। अंदेशा जताया जा रहा है कि पायलट वापस आ रहा था कि अचानक पहाड़ी की ढांक से लुढ़कने के कारण उसकी मौत हो गई। बचाव दल शनिवार देर रात शव को बैजनाथ लाने में सफल रहा।
एसडीएम अश्वनी सूद ने बताया कि मृतक पायलट के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पायलट के दोस्त टांडा में मौजूद थे। परिजनों की सहमति के बाद पायलट का शव उसके दोस्तों को सौंपा जा सकेगा। थाना प्रभारी दुनी चंद ने बताया कि शव का टांडा में पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।