पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के चंदपुर इलाके के लोगों के लिए एक नई सड़क बनाने के प्रयास प्रशासन ने शुरू कर दिए हैं। इलाके के हजारों लोगों को सेना की पाबंदियों के बीच से अब नहीं गुजरना होगा। चंदपुर समेत, डूग, माता जखणी, कुलाणी, खिल बोहल, नछीर समेत कई गांवों के हजारों लोगों को पालमपुर या अन्य क्षेत्रों को जाने के लिए आर्मी कैंप होल्टा (सेना छावनी) की सड़क से गुजरना पड़ता है। इसमें उन्हें सेना की पाबंदियों और नियमों के चलते कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लोगों की समस्या देख अब प्रशासन ने आर्मी और सीएसआईआर संस्थान पालमपुर की साथ लगने वाली सीमाओं के बीच में अलग सड़क निकालने का हल निकाला है। लिहाजा, एसडीएम पालमपुर की अध्यक्षता में आर्मी, सीएसआईआर, लोक निर्माण विभाग समेत प्रशासन के अधिकारियों की मौजदूगी में एक बैठक हुई। इसमें एडीएम रोहित राठौर, सेना के बिग्रेडियर सिंह, कर्नल केके भारद्वाज, तहसीलदार वेदप्रकाश अग्निहोत्री, एक्सईएन बीएम ठाकुर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जिसमें सड़क बनाने के कई बिंदुओं पर फैसला हुआ। छह मार्च को आर्मी व सीएसआईआर की चंदपुर से नीचे पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे तक साथ लगती जमीन का जायजा लिया जाएगा। उसके बाद सड़क निकालने की सारी प्रपोजल तैयार की जाएगी। हालांकि, यह सड़क भारत सरकार की अनुमति आने के बाद बनेगी। भारत सरकार के पास यह मामला पहले ही विचाराधीन है। चंदपुर से लेकर नीचे नेशनल हाईवे तक करीब ढाई किलोमीटर सड़क निकालने के लिए लोगों की सुविधा को देख सेना व सीएसआईआर सड़क निकालने के पक्षधर हैं।
लोगों की सुविधा के लिए शुरू किए प्रयास: एसडीएम
एसडीएम पालमपुर धर्मेश रमोत्रा ने कहा कि चंदपुर इलाके के लोगों को सेना के एरिया में जाने वाली सड़क से गुजरना पड़ता है। जिसमें सेना का इलाका होने के कारण कई बार लोगों को परेशानियों से गुजरना पड़ता है। नई सड़क निकालने के लिए सेना व सीएसआईआर के अधिकारियों से बात हुई है। इसका सर्वे कर मामला भारत सरकार को भेजा जाएगा। उम्मीद है कि जल्द सड़क बन जाएगी।