पालमपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर की पेंशनर सभा के सदस्य मेडिकल बिलों समेत अन्य लंबित लाभों के भुगतान को लेकर कुलपति प्रो. नवीन कुमार से मिले। इस दौरान सदस्य सभा के अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार फुल्ल के नेतृत्व में पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि जिन पेंशनरों के बिल पेंडिंग है, विशेष रूप से मेडिकल बिल, उन्हें तुरंत रिलीज किया जाए। सालों से पेंशनरों की बकाया राशि जस की तस पड़ी है, उसे भी अतिरिक्त ग्रांट के साथ जल्दी रिलीज कर दिया जाना चाहिए। डॉ. सुशील कुमार फुल्ल ने कहा कि इन मामलों को पेंशनर 15 मई को कृषि विवि में होने वाले पेंशनर सम्मेलन में उठाएंगे।
वहीं, कार्यकारिणी के सदस्यों ने इस बात पर अफसोस जताया कि प्रदेश सरकार ने नौणी विश्वविद्यालय को तो 10 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त ग्रांट रिलीज कर है, लेकिन पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय को कुछ नहीं दिया। इस मामले का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। कुलपति ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह बहुत ही ज्यादा जरूरतमंदों के मेडिकल बिल दिलाने का प्रयत्न कर रहे हैं। इस मौके पर डॉ. सुदर्शना भटेड़िया, आरएस गुलेरिया और ठाकुर चतर सिंह मौजूद रहे।