नगरोटा बगवां में हिमाचल पेंशनर्ज एसोसियेशन की एक बैठक में उपस्थित पदाधिकारी व सदस्य। संवाद
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्ज वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने प्रदेश सरकार से पहली जनवरी, 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के देय वित्तीय लाभ अविलंब देने की मांग की है।
एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा है कि सरकार इस बारे में चुप्पी साधे हुए है, जबकि ऐसा करके उक्त अवधि में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के साथ प्रदेश सरकार अन्याय कर रही है। सोमवार को नगरोटा बगवां में एसोसिएशन की शहरी और ग्रामीण इकाइयों की खंड स्तर की एक संयुक्त बैठक उक्त मांग को उठाया।
बैठक में अन्य मांगों में डीए की सभी किस्तें देने और डीए एरियर का भुगतान करने का भी आग्रह किया है। इसके साथ ही मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए बजट का प्रावधान करने, पे मैट्रिक्स के सभी लंबित मामलों का निपटारा करने तथा पे रिवीजन का देय एरियर देने और सीनियर सिटीजन के लिए सभी कार्यालयों, बैंकों, डाकघरों में अलग लाइन लगाने की मांग की गई।
एसोसिएशन के प्रेस सचिव सुभाष चौधरी ने बताया कि बैठक में इस वर्ग को पेश आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर जिला कांगड़ा के महासचिव रविंदर राणा, वरिष्ठ उपप्रधान साहिब सिंह, ईश्वर दास चौधरी, निर्मल धीमान, जगत राम, जगो राम, रवि शंकर, आत्मा राम, रंजीत सिंह, बिहारी लाल आदि सदस्य उपस्थित थे।