धर्मशाला। स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक शनिवार को सीएमओ कांगड़ा डॉ. राजेश गुलेरी की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने बैठक में स्वास्थ्य संस्थानों के आसपास स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान और हिमकेयर सेवाओं के तहत दाखिल रोगियों की निशुल्क जांच के निर्देश दिए।
बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत सभी स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को पंजीकृत एवं सत्यापन शीघ्र करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला में आयुष्मान आरोग्य मंदिर और एचएससी के राष्ट्रीय प्रमाणन के लिए बीएमओ, सीएचओ एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
डॉ. गुलेरी ने निर्देश दिए कि चिकित्सा अधिकारी समुदाय में स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़ी जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य वार्ता करें। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित मासिक बैठक में विभिन्न विषयों पर की गई चर्चाओं की जानकारी ब्लॉक स्तर पर होने वाली मासिक बैठक में भी विस्तार से दें। इसके अलावा विभाग की विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा की गई और टीबी मुक्त भारत अभियान की जनभागीदारी गतिविधि की रिपोर्टिंग के लिए विशेष रूप से दिशा- निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश सूद सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।