परागपुर (कांगड़ा)। ग्राम पंचायत परागपुर के गढ़ में एक संयुक्त कार्यालय भवन के निर्माण की राह अब पूरी तरह साफ हो गई है। प्रशासनिक रूप से इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए राजस्व विभाग ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। मंगलवार को अंतिम दानकर्ता के हिस्से की भूमि की रजिस्ट्री सरकार के नाम निष्पादित की गई।
सरकार ने परागपुर में संयुक्त कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 1.30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस नए भवन का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि यहां से प्रस्तावित एसडीएम कार्यालय का संचालन किया जाएगा।
इसके अलावा तहसील कार्यालय और अन्य विभागीय दफ्तरों को भी एक ही परिसर में लाया जा रहा है। इससे विधानसभा क्षेत्र जसवां-परागपुर के लोगों को विभिन्न कार्यों के लिए बार-बार भटकना नहीं पड़ेगा। एक ही स्थान पर सभी सेवाओं की उपलब्धता से न केवल जनता का समय बचेगा, बल्कि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सुगमता भी आएगी।
वर्तमान में संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है, जिसके पूरा होते ही निर्माण कार्य धरातल पर उतारा जाएगा। प्रशासन ने इस परियोजना के लिए बजट का भी प्रावधान कर दिया है। संवाद