पालमपुर (कांगड़ा)। हिमाचल पथ परिवहन निगम के बस चालक के ऑन डयूटी नशे में होने का पता चलने पर सवारियां बस से उतर गईं। साथ ही चालक के नशे में होने की सूचना निगम प्रबंधन को भी दे दी।
इस पर निगम प्रबंधन ने चालक के नशे में होने की सूचना मिलने पर पुलिस को सूचित किया। इसके बाद चालक का मेडिकल करवाया गया। जानकारी के अनुसार नगरोटा बगवां डिपो की बस शनिवार शाम को चंबा से फटहार (बैजनाथ) जा रही थी। इस बीच बस चालक ने कहीं शराब पी ली और बस को गंतव्य की ओर ले जाने लगा। बस में बैठी सवारियों को इसकी भनक मारंडा के पास लग गई और यह देख सवारियां बस से उतर गईं। वहीं, इसकी जानकारी नगरोटा बगवां परिवहन निगम को दी गई। नगरोटा बगवां डिपो ने इसकी जानकारी डीडीएम पालमपुर को दी। उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक का मेडिकल करवाया। अब मेडिकल जांच में पता चलेगा कि चालक ने शराब पी रखी थी कि नहीं। सूत्रों की मानें तो चालक ने मारंडा के पास कह दिया कि इसके आगे अब बस नहीं चलेगी, जिस पर सवारियों को लगा कि चालक ने शराब पी हुई है। यह देख सवारियां बस से उतर गईं। आरएम नगरोटा बगवां राजेंद्र पठानिया ने कहा कि चालक को बस के साथ नगरोटा से ही फटहार भेजा था। उसे रविवार सुबह फटाहर से चंबा रूट पर जाना था।
वहीं, डीडीएम पालमपुर उत्तम चंद ठाकुर ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि चालक ने शराब पी हुई है। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दे दी। पुलिस चालक को मेडिकल के लिए ले गई, जबकि सवारियों को दूसरी बसों में भेजा गया था। उधर, थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने चालक का मेडिकल करवा लिया है। मामले की जांच की जा रही है।