धर्मशाला। पशुपालन विभाग में पशु मित्रों के चयन के लिए वीरवार को धर्मशाला के सिंथेटिक ट्रैक पर शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई। इसमें 30 अभ्यर्थियों ने मैदान की बाधा को पार कर लिया। कस्बा नरवाणा और जदरांगल डिस्पेंसरी के पदों के लिए उपमंडलीय पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव शर्मा की अध्यक्षता में यह परीक्षा हुई।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान कुल 54 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 39 पहुंचे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 30 अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक दौड़ पूरी की। विभाग ने चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष रखने के लिए सफल उम्मीदवारों की बाकायदा वीडियोग्राफी भी करवाई। भर्ती के लिए पुरुष वर्ग में 5000 मीटर की दौड़ के लिए 30 मिनट, जबकि महिला वर्ग के लिए 1500 मीटर दौड़ 10 मिनट का समय तय था। अब ये सफल अभ्यर्थी अगले चरण में दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरेंगे।
लंबागांव में 48 युवाओं ने बहाया पसीना
लंबागांव (कांगड़ा)। उपमंडल जयसिंहपुर में पशुपालन विभाग के तहत पशु मित्रों के पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वीरवार को लंबागांव में पहले चरण की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। उपमंडल में इन पदों के लिए कुल 112 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। भारी संख्या को चलते टेस्ट दो चरणों में विभाजित किया गया है। पहले दिन 52 में से 48 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षण के लिए उपस्थित हुए। अब शुक्रवार को दूसरे चरण के तहत शेष 60 अभ्यर्थियों का शारीरिक टेस्ट लिया जाएगा। फिजिकल पास करने वाले युवाओं को ही आगामी चयन प्रक्रिया के लिए पात्र माना जाएगा।