खाद्य आपूर्ति निगम ने 2093 किसानों को किया 25.70 करोड़ का भुगतान
प्रदेश में बिका 19,288.49 मीट्रिक टन धान, 15 दिसंबर तक है फसल बेचने का समय
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में खाद्य आपूर्ति निगम ने धान की फसल बेचने वाले 2093 किसानों को अब तक 25.70 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। प्रदेशभर में तीन अक्तूबर से धान की खरीद जारी है। अब तक 3109 किसानों से कुल 19,288.49 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। खरीद प्रक्रिया 15 दिसंबर तक चलेगी।
धान की सबसे अधिक खरीद सिरमौर जिले की एपीएमसी पांवटा साहिब में हुई है। यहां 751 किसानों ने 3031.31 मीट्रिक टन धान बेचा है। वहीं, सबसे कम खरीद नगरोटा बगवां में हुई, जहां एक किसान ने 2.29 मीट्रिक टन धान बेचा है।
पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, ऊना की एपीएमसी रामपुर मंडी में 200 किसानों ने 1056.49 मीट्रिक टन, बद्दी इंडस्ट्री शेड मालपुर में 461 किसानों ने 2116.31 मीट्रिक टन और फतेहपुर अनाज मंडी में 166 किसानों ने 1599.19 मीट्रिक टन धान बेचा है।
इसी तरह मार्केट यार्ड नालागढ़ में 438 किसानों से 1985.35 मीट्रिक टन, मार्केट यार्ड टकराला में 196 किसानों से 1124.25 मीट्रिक टन, मिलवां इंदौरा में 180 किसानों से 2403.41 मीट्रिक टन और रियाली में 171 किसानों से 2326.24 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। ऊना के टाहलीवाल इंडस्ट्री एरिया में 236 किसानों ने 1912.01 मीट्रिक टन धान बेचा है।