फतेहपुर की टटवाली पंचायत के नगोह गांव में बारिश के कारण घरों में आया कीचड़।
- फोटो : Kangra
फतेहपुर (कांगड़ा)। भारी बारिश के कारण विकास खंड फतेहपुर की ग्राम पंचायत टटवाली के नगोह में कहर बरपा है। गांव के तेरह घर व दो पशुशालाएं पानी की जद में आ गए। इनमें पांच कच्चे घर पूरी तरह पानी से ढह गए। सूचना मिलते ही एसडीएम फतेहपुर अंकुश शर्मा, डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. गगनदीप सिंह, नायब तहसीलदार फतेहपुर सुशील शर्मा, कानूनगो फील्ड रवि कुमार, पटवारी हरदेव सिंह व पशुपालन विभाग के कर्मचारी सुबह ही मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार भारी बारिश के कारण नगोह में महिंद्र सिंह, गुरियाल सिंह, राजिंदर सिंह, सुभाष कुमार, शंकर सिंह, बलवीर सिंह, प्रेम सिंह और जगत राम के कच्चे घर पूरी तरह ढह गए। वहीं, इनके घरों का कुछ समान निकाल लिया गया। यहां तक खाने-पीने के लिए राशन भी पानी में बह गया है। स्थानीय लोगों ने बेघर हुए लोगों को साथ में ही कहीं सुरक्षित जगह में शिफ्ट कर दिया गया। वहीं, ज्ञान सिंह, बाबू राम, महंगा राम, सुरेंद्र और अमीचंद की पशुशाला गिर गई है। धौलपुर के निवासी कुलबीर सिंह ने बताया कि पशुओं के लिए रखी गई तूड़ी भी पानी में बह गई। लोगों की फसलें भी बह गईं। इसके अलावा जखबड़ के कुडल के दो घरों में भी पानी से नुकसान हुआ है। एसडीएम फतेहपुर अंकुश शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने जानकारी मिलते ही मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावितों को सुरक्षित जगह पर ठहराया है। वहीं, टटवाली के तेरह घर पानी की चपेट में आए हैं। कुडल से दो घर पानी की चपेट में है। प्रभावितों को पांच से दस हजार की फौरी सहायता राशि मुहैया करवा दी गई है जबकि राशन भी उपलब्ध करवा दिया है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य संजीव पराशर, बीडीसी रे सरिता शर्मा, उपप्रधान रमन, वार्ड पंच मोती राम, पूर्व प्रधान प्रेम चंद धीमान भी मौजूद रहे ।