रक्कड़/परागपुर (कांगड़ा)। पुलिस जिला देहरा के अंतर्गत नशा विरोधी अभियान के तहत मंगलवार को रक्कड़ थाना पुलिस ने 140 ग्राम चरस के साथ पंचायत प्रधान के पति और उसके साथी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों को कलोहा चौक पर नाकाबंदी के दौरान कार से पकड़ा।
थाना प्रभारी संदीप पटियाल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई जांच में कार सवार विजय कुमार निवासी गरली और मनीश कुमार निवासी सदवां (तहसील परागपुर) से चरस बरामद की गई। विजय कुमार नजदीकी पंचायत की प्रधान का पति है। पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र में नशा तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते वाहनों की जांच और छापेमारी बढ़ा दी गई थी।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में उनकी संपत्ति की भी जांच की जाएगी।