पालमपुर (कांगड़ा)। नागरिक अस्पताल पालमपुर में अब लोगों को अपने बच्चों को रोगों को लेकर कोई समस्या नहीं आएगी। अस्पताल में अब एक और महिला शिशु रोग विशेषज्ञ ने ज्वाइन कर लिया है। इससे अब अस्पताल में दो शिशु रोग विशेषज्ञ तैनात हो गए हैं। इससे बच्चों के इलाज में काफी सुविधा मिलेगी। अस्पताल में पीजीआई चंडीगढ़ से एमडी की पढ़ाई कर आई डॉ. नेहा शर्मा ने बतौर शिशु रोग विशेषज्ञ पदभार संभाल लिया है।
अब तक अस्पताल में एक ही शिशु रोग विशेषज्ञ बच्चों का इलाज कर रहे थे, लेकिन अब एक और चिकित्सक आने से लोगों को बच्चों के इलाज में काफी सुविधा मिलेगी। नागरिक अस्पताल पालमपुर में बच्चों की ओपीडी की बात करें तो यहां पर रोजाना 80 से 100 बच्चे इलाज के लिए आते हैं। इससे लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। यही नहीं, एक चिकित्सक होने पर उनके छुट्टी पर चले जाने पर लोगों को अपने बच्चों के इलाज में काफी समस्या का सामना करना पड़ता था। मगर अब एक ओर शिशु रोग विशेषज्ञ के आने से काफी सुविधा होगी।
खास बात यह है कि अब महिलाओं की प्रसुति भी यहां पर आराम से हो सकेगी। कई बार अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ के छुट्टी पर होने से बच्चों को जन्म के समय ही होने वाले पीलिया और अन्य बीमारियों के डर के चलते महिलाओं को टांडा रेफर कर दिया जाता था। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब इससे महिलाओं की प्रसुति में भी सुविधा होगी।
नागरिक अस्पताल पालमपुर में पालमपुर विस समेत सुलह, बैजनाथ, जयसिंहपुर, नगरोटा, धर्मशाला समेत कई छह से सात विधानसभाओं के लोग अपने बच्चों को इलाज के लिए यहां लाते हैं।
- अस्पताल में एक ओर महिला शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ नेहा शर्मा ने अपना पदभार संभाल लिया है। अस्पताल में अब दो शिशु रोग विशेषज्ञ हो गए है। इससे लोगों को अब अपने बच्चों के इलाज में काफी सुविधा मिलेगी।
- डॉ. तिलक भागड़ा, एमएस, नागरिक अस्पताल पालमपुर