पालमपुर होली मेले में अपनी प्रस्तुति देते जस्सी गिलस्त्रोत एपीआरओ
पालमपुर (कांगड़ा)। चार दिवसीय राज्य स्तरीय होली महोत्सव का बुधवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर मुख्यमंत्री के डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के प्रधान सलाहकार गोकुल बुटेल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उपायुक्त हेमराज बैरवा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। होली महोत्सव का समापन उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने करना था, लेकिन वह किसी काम के चलते पालमपुर नहीं आ सके।
वहीं, जरूरी काम के लिए पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल भी शिमला के लिए रवाना हो गए थे। वह भी समापन समारोह में शामिल नहीं हो सके। समापन समारोह में पंजाबी गायक जस्सी गिल और इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा ने खूब धमाल मचाया। मंडी के कृष ने भी अकबर मेरा नाम नहीं...गीत की शानदार प्रस्तुति दी। जस्सी गिल ने लाडेन, निकले करंट, बापू जमींदार, काली एक्टिवा और मित्तरां दा ना चलदा...आदि पंजाबी गीतों की झड़ी लगाकर लोगों को खूब नचाया।
अनुज शर्मा ने पहला प्यार, तेरी-मेरी कहानी, जीने के हैं चार दिन, एक हसीना थी, एक दीवाना था... तो बब्बल राय ने हरा रंग अखां दा, मोरनी बनके, मेरी महबूबा और मुंडेयां तो बचके...गीत की प्रस्तुति से वाहवाही लूटी। गोकुल बुटेल ने कहा कि प्रदेश की संस्कृति, साहित्य और भाषाओं के विकास पर राज्य सरकार ने विशेष बल दिया है। इस मौके पर होली कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम डॉ. ओपी ठाकुर, नगर निगम के महापौर गोपाल नाग, उपमहापौर राज कुमार, वूल फेडरेशन के निदेशक त्रिलोक चंद, प्रधानाचार्य रितु जम्वाल, पार्षद पूनम वाली समेत कई लोग मौजूद रहे।