मंडी। प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आगामी 11 दिसंबर को मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित होने वाले आत्मनिर्भर हिमाचल जन संकल्प सम्मेलन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सम्मेलन को सफल बनाने और लाभार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आयोजन स्थल पड्डल मैदान को 18 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है।
सम्मेलन में समन्वय को सुचारू बनाने के लिए हर ब्लॉक में एक वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती की जाएगी। लाभार्थियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है और उनके साथ नियुक्त समन्वय अधिकारियों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव आशीष सिंहमार ने शनिवार को मंडी पहुंचकर जिला अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जानकारी दी कि सम्मेलन में भाग लेने वाले लाभार्थियों को पैकेट बंद भोजन और बोतलबंद पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम मंडी को सौंपी गई है, जिसके लिए प्रत्येक ब्लॉक में पर्याप्त सफाईकर्मी तैनात किए जाएंगे।
पड्डल मैदान में अस्थायी शौचालय और एक मुख्य चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किया जा रहा है। आपात स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मैदान के भीतर तीन और भ्यूली, पुलघराट तथा खलियार में तीन अतिरिक्त चिकित्सा केंद्र संचालित किए जाएंगे। प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, एंटी चिट्टा अभियान तथा आपदा प्रबंधन पर आधारित नुक्कड़-नाटकों के माध्यम से भी जनजागरूकता संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, एसडीएम रूपिंद्र कौर, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा व अन्य मौजूद रहे।