ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विधायक संजय रत्न ने ज्वालामुखी में प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा नेता रविंद्र सिंह रवि और रमेश धवाला पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता ज्वालामुखी को अब देहरा की तरह समझने लगे हैं। वे यहां टूरिस्ट बनकर आते हैं और प्रेस से वाहवाही लूटकर चले जाते हैं। जमीनी सच्चाई से कोसों दूर हैं। भाजपा नेता विकास का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। असल काम जमीन पर कांग्रेस सरकार कर रही है। 2022 में विधायक बनने के बाद पीएमजीएसवाई के तहत नई डीपीआर बनाकर सड़कें स्वीकृत करवाई गईं। लुथान में सुखाश्रय योजना के तहत भवन निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसकी निगरानी वह स्वयं कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ज्वालामुखी के सौंदर्यीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। विपक्ष सिर्फ फोटो खिंचवाकर विकास दिखा रहा है। हम जमीन पर कार्य कर रहे हैं। पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि और रमेश धवाला की ओर से लगाए गए अवैध खैर कटान के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही विभाग को जानकारी मिली, जांच शुरू हो गई। अगर कोई दोषी है तो कार्रवाई निश्चित होगी। अगर किसी को लगता है कि इसमें मेरा संरक्षण है तो मेरा नाम लेकर बात करें, छुपकर आरोप न लगाएं।