संवाद न्यूज एजेंसी
राजा का तालाब (कांगड़ा)। राजा का तालाब स्थित शनि देव मंदिर में करीब एक सप्ताह पहले हुई चोरी और रैहन स्थित सिद्ध बाबा राजा राम मंदिर में दो दिन पहले हुई चोरी के मामले को रैहन पुलिस ने सुलझाया लिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में लखविंद्र सिंह निवासी धतियाल, डाकघर नरोट, जिला पठानकोट को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार राजा का तालाब स्थित शनि देव मंदिर में करीब एक सप्ताह पहले चोर ने दानपात्र से नकदी चुरा ली थी। मंदिर के पास लगे सीसीटीवी आरोपी की गतिविधि कैद हो गई थी। बीते दो दिन पहले रैहन स्थित सिद्ध बाबा राजा राम मंदिर में भी चोरी की वारदात सामने आई, जहां से नकदी सहित कुछ सामान चोरी होने की जानकारी मिली। शनि देव मंदिर में चोरी के दौरान आरोपी दाढ़ी रखे हुए दिखाई दिया था, जबकि रैहन के सिद्ध बाबा राजा राम मंदिर में चोरी के दौरान उसने अपना हुलिया थोड़ा बदल लिया था।
इसके बावजूद रैहन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस की सतर्कता और जांच के परिणामस्वरूप आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। थाना प्रभारी सुनील कुमार की अगुवाई में रैहन पुलिस ने दोनों चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि आरोपी द्वारा अपना हुलिया बदलने के बावजूद पुलिस की सतर्कता और तत्परता से दोनों मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं को सुलझाया है। आरोपी नशे का आदी है। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।