धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में पर्यटन और स्वास्थ्य को एक साथ जोड़ने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य में अब हेल्थ टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए नगरोटा बगवां में 130 करोड़ रुपये की लागत से केरल राज्य की तर्ज पर एक हेल्थ वेलनेस सेंटर का निर्माण किया जाएगा।
सेंटर का निर्माण 150 कनाल भूमि पर किया जाएगा और इसमें पर्यटकों को योग, मेडिटेशन और स्पा जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) से लोन एग्रीमेंट होने के बाद पर्यटन विकास निगम ने इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह सेंटर न केवल पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न करेगा।
हिमाचल प्रदेश को स्वास्थ्य पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है। यह सेंटर स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का भी अवसर होगा। इस परियोजना के जरिये राज्य सरकार न केवल कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की दिशा में कदम उठा रही है, बल्कि प्रदेश में स्वास्थ्य पर्यटन को भी एक नई दिशा देने की कोशिश कर रही है।