बंजार (कुल्लू)। बंजार विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि के तहत स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति और निधि के व्यय की समीक्षा के लिए शुक्रवार को विकास खंड कार्यालय बंजार में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता विधायक सुरेंद्र शौरी ने की।
बैठक में विधायक ने विधायक निधि के तहत स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की पंचायतवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करवाने के निर्देश दिए।
साथ ही विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि विधायक निधि का लाभ लोगों को समय पर मिल सके। इसमें खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के बाद विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि विधायक निधि से संबंधित कार्यों और व्यय का पूरा लेखा-जोखा ऑनलाइन पोर्टल के साथ-साथ खंड विकास कार्यालय में भी उपलब्ध रहता है। विधायक निधि से संबंधित जानकारी प्राप्त करना जनता का अधिकार है और कोई भी व्यक्ति संबंधित कार्यालय में जाकर इसकी जानकारी ले सकता है।
विधायक ने कहा कि विधायक निधि को लेकर कांग्रेस के कुछ नेताओं की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि निधि का आवंटन और व्यय सरकार की ओर से निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत किया जाता है। विधायक निधि के तहत स्वीकृत राशि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से जारी की जाती है। विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।