धर्मशाला। पर्यटन नगरी धर्मशाला में मंदे शनिवार के बाद रविवार को भी होटल पर्यटकों की कमी से जूझते नजर आए। सप्ताहांत (वीकेंड) के बावजूद अधिकांश होटलों में कमरे खाली रहे और निजी होटलों में ऑक्यूपेंसी दहाई के आंकड़े को भी पार नहीं कर सकी। इससे स्थानीय होटल कारोबारियों में मायूसी का माहौल है।
श्रावण अष्टमी मेलों के संपन्न होने के बाद से ही क्षेत्र के पर्यटन कारोबार में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मेलों के दौरान शक्तिपीठों में दर्शन के लिए पहुंचे अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं व सैलानियों से कुछ रौनक जरूर बनी थी। मेले खत्म होते ही पर्यटकों की आमद अचानक घट गई। इसके अलावा लगातार हो रही बारिश भी पर्यटकों की बेरुखी का मुख्य कारण बनी हुई है। हालांकि, कारोबारियों को उम्मीद है कि मानसून बीतने के बाद आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार दोबारा रफ्तार पकड़ेगा।
रविवार को निजी होटलों में ऑक्यूपेंसी 10 फीसदी से भी कम दर्ज की गई है। अब 15 सितंबर के बाद पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने के साथ ही होटल कारोबार में उछाल आने की उम्मीद है। -राहुल धीमान, अध्यक्ष, स्मार्ट सिटी होटल एवं रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला