नूरपुर (कांगड़ा)। नगर परिषद नूरपुर क्षेत्र से रोजाना निकलने वाले कूड़े के निस्तारण की समस्या से शहरवासियों को जल्द ही निजात मिलेगी। नूरपुर शहर से सटे चिनवा गांव में करीब 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कचरा प्रबंधन संयंत्र का कार्य अंतिम चरण में है। इसके लिए निर्धारित जगह पर चहारदीवारी बन चुकी है और लेबर रूम और टिन शेड आदि का निर्माण भी हो चुका है, जबकि ज्यादातर मशीनरी भी लगाई जा चुकी है।
इसमें गीला-सूखा कचरे और अन्य कचरे के लिए अलग-अलग पिट्स बनें हैं। यहां कचरे से लोहा, कांच, प्लास्टिक और गत्ता आदि अलग किया जाएगा। मशीन लगने से यहां कचरे को करीब 20 दिन में जैविक खाद में बदला जाएगा है। बताया जा रहा है कि लगभग दो टन प्रतिदिन के हिसाब से क्षेत्र में जैविक खाद बन सकती है।
कचरा प्रबंधन संयंत्र का ज्यादातर कार्य हो चुका है और इसे जल्द ही पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। लोग नूरपुर शहर को साफ-सुथरा बनाने में नगर परिषद का सहयोग करें और सफाई कर्मचारियों को गीला-सूखा कचरा अलग-अलग करके दें। शहर के लोगों के सहयोग के बिना कचरे का निष्पादन करना मुश्किल है।
आशा वर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद नूरपुर