डीसी दफ्तर से लेकर कॉलेज चौक तक सड़क किनारे लगेगी पट्टी
लोक निर्माण विभाग कुल्लू ने की सड़क की निशानदेही
शहर.. खास खबर
बलदेव राज
कुल्लू। डीसी ऑफिस से कॉलेज चौक तक सड़क किनारे अब लोग आसानी से वाहन पार्क कर सकेंगे। सड़क किनारे खाली जगह का इस्तेमाल कर यहां पर पार्किंग के लिए लोगों को जगह उपलब्ध करवाई जाएगी। उपायुक्त कार्यालय से लेकर कॉलेज चौक तक वाहनों की पार्किंग के लिए बाकायदा यहां सड़क किनारे एक पट्टी लगाई जाएगी। पट्टी के बाहर वाहनों को पार्क किया जा सकता है। ढालपुर चौक से कोर्ट परिसर तक ठीक ऐसी पट्टी लगाई गई है।
ऐसी ही सुविधा कॉलेज चौक तक लोगों को मिले, इसके लिए प्लान तैयार किया जा रहा है। पिछले दिनों जिला प्रशासन ने सड़क किनारे पार्किंग की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए थे। गौरतलब है कि मिनी सचिवालय और उपायुक्त कार्यालय सहित अन्य कार्यालय इस ओर होने के कारण आधा किलोमीटर की इस सड़क में वाहनों की दिनभर चहल-पहल रहती है। सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों के यहां पर हर दिन चालान भी होते हैं। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए सड़क की निशानदेही की है। सड़क के बाहर कहीं तीन और कहां पर चार फुट जगह बचती है। इस जगह को समतल करने के बाद वाहनों की पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। सड़क की पैमाइश करने के बाद विभाग आगामी प्रक्रिया को अंजाम दे रहा है। बहरहाल, प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की इस पहल का फायदा लोगों को मिलेगा। सड़क किनारे लोगों को एक चिह्नित स्थान अपने वाहनों को पार्क करने के लिए मिलेगा। अपने जरूरी कामकाज निपटाने के लिए कुल्लू पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना नहीं पड़ेगा।
लोक निर्माण विभाग ने सड़क की पैमाइश की है। इसके साथ ही सड़क किनारे बची जगह पर लोगों को अपने वाहन पार्क करने के लिए जगह उपलब्ध करवाई जाएगी। इस दिशा में कार्य किया जा रहा है।
विवेक गौतम, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग।