देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। प्रदेश में पंचायती राज व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए पंचायती राज विभाग ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत राज्य के सभी नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों और वार्ड सदस्यों को आधिकारिक सरकारी पहचान पत्र (आईडी कार्ड) जारी किए जाएंगे। विशेष बात यह है कि जनप्रतिनिधियों को यह पहचान पत्र पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने से पहले ही उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
विभाग ने इस संबंध में प्रदेश के सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। कांगड़ा जिले में भी इस योजना को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 846 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान और उपप्रधान सबसे पहले इन पहचान पत्रों से लैस होंगे। इसके बाद वार्ड सदस्यों के लिए भी कार्ड जारी किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार इन हाईटेक पहचान पत्रों पर राज्य सरकार और पंचायती राज विभाग का लोगो अंकित होगा। साथ ही जनप्रतिनिधि का नाम, पद, स्थायी पता, मोबाइल नंबर, ब्लड ग्रुप, कार्ड की वैधता अवधि तथा आपातकालीन संपर्क नंबर भी दर्ज रहेगा। विभाग ने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से दो स्टांप साइज फोटो संबंधित बीडीओ कार्यालय में जल्द जमा करवाने को कहा है, ताकि शपथ ग्रहण से पूर्व पहचान पत्र वितरित किए जा सकें।
जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर ने बताया कि सभी खंड विकास कार्यालयों में पहचान पत्र तैयार करने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। पहले चरण में प्रधानों और उपप्रधानों के कार्ड बनाए जा रहे हैं।