श्यामनगर स्थित गोरखा भवन में 35वां नेपाली भाषा मान्यता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया।
सिद्धपुर (नोरबुलिंगा)। भारतीय गोरखा परिसंघ धर्मशाला की ओर से वीरवार को श्यामनगर स्थित गोरखा भवन में 35वां नेपाली भाषा मान्यता दिवस मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता परिसंघ के अध्यक्ष सूर्य थापा ने की। भाषा आंदोलन की प्रमुख हस्ताक्षर प्रेम देई गुरुंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। ''भागसू पहल'' की संस्थापक कुसुम खुराना और परिसंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण थापा ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की।
सूर्य थापा ने कहा कि 20 अगस्त 1992 का दिन भारतीय गोरखा समुदाय के लिए ऐतिहासिक था, जब संविधान के 71वें संशोधन के जरिए नेपाली भाषा को भारतीय संविधान की 8वीं अनुसूची में आधिकारिक रूप से शामिल किया गया था। भाषा आंदोलन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साहित्यकारों, रचनाकारों और आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस मौके पर हिमाचल गोरखा एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र राणा, ओम बहादुर गुरुंग, हेमंत आले, बीना थापा सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए गोरखा समुदाय के गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे। संवाद