विधायक संजय रत्न ज्वालामुखी मंदिर परिसर में विभागीय अधिकारियों के साथ श्रावण अष्टमी मेलों की तै
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में 25 जुलाई से 3 अगस्त तक होने वाले श्रावण अष्टमी मेलों की तैयारियों को लेकर मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक संजय रत्न ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि मेलों के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा और मूलभूत सेवाएं मुहैया करवाई जाएं। बैठक में मंदिर परिसर में छोटे गुंबद के गिरने पर भी चर्चा हुई, जिसमें टेंट लगाने के दौरान सोने का पानी चढ़ा गुंबद नीचे गिर गया था।
विधायक ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि समय रहते ध्यान न दिया जाता तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। इससे पहले मां ज्वाला के प्रकटोत्सव के पावन अवसर पर विधायक संजय रत्न ने मां की पवित्र ज्योतियों के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, विधायक ने मेलों के दौरान विशेष व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रहे, खाद्य पदार्थ ढककर ही बेचे जाएं। भिक्षावृत्ति पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, मंदिर के गर्भगृह में किसी भी प्रकार के लाइव फोटो वीडियो पर रोक लगाई जाए, शहर के कोने-कोने पर निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय रूप से कार्य करे, बिजली और पेयजल आपूर्ति में किसी तरह की कमी न रहे।
इसके अलावा विधायक ने मां ज्वाला की नगरी में स्थित प्राचीन मंदिरों जैसे टेड़ा मंदिर, अंबिकेश्वर, अर्जुननागा और भैरव मंदिर को पर्यटन की दृष्टि से आपस में जोड़ने की योजना पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को क्षेत्र के और अधिक धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा और स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। बैठक में मंदिर ट्रस्ट प्रधान दिव्यांशु भूषण, एसडीएम डॉ. संजीव शर्मा, मंदिर अधिकारी मनोहर लाल और तहसीलदार राहुल शर्मा आदि उपस्थित रहे।