ज्वालामुखी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते पुजारी । संवाद
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में मां ज्वाला के प्रकटोत्सव की धूम रही। वीरवार को श्रद्धालुओं के लिए 100 किलो देसी घी के हलवे का प्रसाद वितरित किया। मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया, जिससे मां का दरबार अद्भुत छटा बिखेरता नजर आया। इससे पहले बुधवार देर रात 12:00 बजे माता को 56 भोग अर्पित किए गए, जिनमें विभिन्न ऋतुओं के ताजे फल भी शामिल रहे। शहर भर में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया पुजारी एवं पूर्व न्यास सदस्य सौरभ शर्मा ने बताया कि मां ज्वाला का जन्मोत्सव इस बार विशेष रूप से धूमधाम से मनाया जा रहा है। हवन-यज्ञ की आहुतियों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक बना रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए। सुरक्षा, सफाई और दर्शन व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं ने प्रशासन की सराहना की। इस दौरान यूपी से आए श्रद्धालु अनूप सिंह ने कहा कि मां के जन्म दिवस पर दर्शन पाकर जीवन धन्य हो गया। सुंदरता से सजे मंदिर भवन ने भक्तों को दिव्यता का अनुभव कराया। पूरा क्षेत्र जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा।
ज्वालामुखी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते पुजारी । संवाद