धर्मशाला। विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां के तहत खोली स्थिति खाद्य आपूर्ति विभाग के गोदाम में भी इस बार गेहूं की खरीद की जाएगी। गेहूं खरीद को लेकर तैयार किए गए इस केंद्र में भी सारी तैयारियां हो चुकी हैं। बस अब इंतजार फसल कटान के बाद यहां गेहूं विक्रेताओं के आने को लेकर किया जा रहा है। इससे नगरोटा बगवां के अलावा जिला कांगड़ा के ऊपरी क्षेत्र के लोगों को भी काफी हद तक सुविधा मिलेगी। इन केंद्रों में अपनी गेहूं की बिक्री करने के लिए जिला कांगड़ा के ऊपरी क्षेत्र के किसानों को चार से पांच हजार रुपये गाड़ी के किराए के रूप में वहन करना पड़ता है।
इससे इन किसानों पर मुनाफे से अधिक खर्चे का ही बोझ आता है, लेकिन नगरोटा बगवां क्षेत्र में गेहूं खरीद केंद्र खुलने से यहां के किसानों को केंद्र तक गेहूं पहुंचाने के लिए कम किराया खर्च करना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार कृषि विभाग की ओर से इस केंद्र में 300 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से चयनित सदस्य यहां आने वाले किसानों से गेहूं की खरीद करेंगे। उधर, खाद्य आपूर्ति विभाग जिला कांगड़ा के नियंत्रक डॉ. पुरूषोतम ने बताया कि नगरोटा बगवां के खोली स्थित खाद्य आपूर्ति विभाग के गोदाम में इस बार गेहूं की खरीद की जाएगी। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।