धर्मशाला। पालमपुर के भवारना स्थित नागनी में शराब की बोतलों पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक दाम वसूलना एक शराब ठेके को महंगा पड़ गया। आबकारी एवं कराधान विभाग ने ओवरचार्जिंग की शिकायत सही पाए जाने पर एल-14 शराब ठेके को 24 घंटे के लिए सील कर दिया है।
आबकारी एवं कराधान विभाग के आयुक्त प्रेम सिंह कैथ ने बताया कि उपभोक्ताओं से मिली शिकायत के आधार पर टीम ने मौके पर जाकर मामले की जांच की थी। आरोप सही साबित होने पर नियमानुसार ठेके को तत्काल सील कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की बिक्री केवल निर्धारित मूल्य पर ही होगी और एमआरपी से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विभाग के अनुसार ऐसी अनियमितता पर न्यूनतम 15 हजार से लेकर अधिकतम एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, कांगड़ा जिले के आठ अन्य शराब ठेकों के खिलाफ भी ओवरचार्जिंग की शिकायतें मिली हैं, जिनकी जांच जारी है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि कहीं भी अधिक कीमत वसूले जाने पर तुरंत विभाग को सूचित करें।