खुंडिया पालमपुर मार्ग चट्टान गिरने से हुई बंद । संवाद
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने नगर परिषद ज्वालामुखी की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश के कारण गंजू के बाग में पेट्रोल पंप के समीप मुख्य सड़क पर भारी जलभराव हो गया, जिससे सड़क तालाब में तब्दील हो गई। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहीं, वार्ड-6 में लगातार बारिश के चलते कई रिहायशी मकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों का घरेलू सामान प्रभावित हुआ है। प्रभावित ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से तुरंत क्षेत्र का मुआयना करने, जल निकासी का स्थायी समाधान करने और राहत कार्य शुरू करने की गुहार लगाई है। उधर, ज्वालामुखी-खुंडियां-पालमपुर मार्ग पर पहाड़ी से एक विशाल चट्टान सड़क पर आ गिरी, जिससे यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया।
मार्ग अवरुद्ध होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंची और चट्टान को हटाकर मार्ग बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और एहतियात बरतने की अपील की है।
स्थानीय निवासियों अजय कुमार, मुकेश, राजीव, काका और अमित ने कहा कि मानसून के दौरान जल निकासी नालियों की सफाई और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि जनता को बार-बार इस प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
खुंडिया पालमपुर मार्ग चट्टान गिरने से हुई बंद । संवाद