चंबा उपायुक्त को हाउस टैक्स की बढ़ोतरी को लेकर ज्ञापन देने जाते विभिनन संस्थानों के पदाधिकारी
चंबा। शहर में लगाए जा रहे भारी भरकम प्रापर्टी टैक्स के विरोध में लोगों ने नगर परिषद कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भारी संख्या में अपना विरोध जताने के लिए पहुंचे। नप की कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपकर यह चेतावनी दी गई कि यदि इस टैक्स को कम नहीं किया गया तो सभी शहरवासी आने वाले नगर निकाय चुनाव का बहिष्कार करेंगे। साथ ही नप के खिलाफ आंदोलन चलाएंगे। ऐसी परिस्थिति पैदा न हो, इसके लिए नप को इस टैक्स को कम करना ही होगा। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाए हैं कि प्रापर्टी का सर्वे जहां ड्रोन से किया जाना था, वहां सामान्य महिलाओं को कुछ घरों में भेज दिया गया। इसमें न तो कोई राजस्व विभाग का कर्मचारी शामिल था और न ही कोई तकनीकी सहायक। ऐसे में यह सर्वे ही अपने आप में एक धोखाधड़ी है, जिसके आधार पर लोगों से भारी भरकम टैक्स वसूला जा रहा है। इसी मांग को लेकर उन्होंने उपायुक्त को भी ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल सनातन धर्मसभा के प्रधान सुरेश कश्मीरी, ओम प्रकाश, भगत बड़ोतरा, नेक राम, देवेंद्र कुमार, अजय सिंह, शिव चरण चंद्रा, जीवन चौणा और उत्तम सिंह ने बताया कि बड़े महानगरों की तुलना करके नगर परिषद चंबा में लोगों से भारी भरकम प्रॉपर्टी टैक्स वसूला जा रहा है जबकि, यह आकांक्षी जिला है। यहां बीपीएल परिवारों की संख्या अधिक है। ऐसे में बड़े नगरों के समान यहां इतना भारी-भरकम टैक्स लगाना लोगों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि हरदासपुरा में एक मैरिज हॉल चलाने वाले संचालक को 96,000 रुपये प्रापर्टी टैक्स भेजा गया है। साथ में यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि 15 दिन में उन्होंने यह टैक्स नहीं भरा तो इसमें 15,000 रुपये की पेनल्टी लगा दी जाएगी। इसके अलावा कई परिवारों को दस से बीस हजार रुपये के प्रापर्टी टैक्स भेजे गए हैं। उन्होंने साफ किया कि यदि यह टैक्स नहीं घटाया गया तो सभी शहरवासी सड़कों पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।