ढगवार मिल्क प्लांट का दौरा करते सांसद सुधांशु त्रिवेदी, विधायक सुधीर शर्मा और अन्य। -स्रोत: जाग
धर्मशाला। केंद्र सरकार के ‘12 साल विश्वास के, विकास के’ कार्यक्रम के तहत राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने ढगवार में निर्माणाधीन अत्याधुनिक मिल्क प्लांट का दौरा किया। विधायक सुधीर शर्मा की अगुवाई में हुए इस दौरे के दौरान सांसद ने कहा कि नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा निर्मित यह प्रोजेक्ट राष्ट्रीय महत्व का है, जो यहां आकार ले रहा है। इस दौरान पर सांसद राजीव भारद्वाज भी साथ रहे।
विधायक सुधीर शर्मा ने सांसदों को बताया कि ढगवार दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र से जुड़े किसानों और दूध संग्रहण में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। दिसंबर 2023 में जहां प्रतिदिन 6,200 लीटर दूध संग्रहित होता था, वहीं अब यह बढ़कर 24,000 लीटर प्रतिदिन पहुंच गया है। संयंत्र प्रबंधक अखिलेश पराशर के अनुसार कांगड़ा क्लस्टर में सक्रिय डेयरी सहकारी समितियों की संख्या भी 44 से बढ़कर 352 हो गई है। इससे ग्रामीणों को बेहतर खरीद दरें मिल रही हैं।
सुधीर शर्मा ने बताया कि लगभग 225 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पूर्णतः स्वचालित (ऑटोमैटिक) मिल्क प्लांट सितंबर तक शुरू होने की संभावना है। इसके शुरू होने पर फ्लेवर्ड मिल्क, दही, पनीर, मोजरेला चीज और खोआ जैसे उत्पादों का निर्माण होगा। इसके साथ ही कांगड़ा मिल्क यूनियन के तहत 20-20 हजार लीटर क्षमता के दो नए चिलिंग सेंटर भी स्थापित किए जा रहे हैं।
ढगवार मिल्क प्लांट का दौरा करते सांसद सुधांशु त्रिवेदी, विधायक सुधीर शर्मा और अन्य। -स्रोत: जाग