बलिदानी पवन कुमार के घर पहुंच कर परिजनों को संतावना देते सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और अन्य। -स्र
धर्मशाला। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी गोलीबारी में 25 पंजाब रेजिमेंट के सूबेदार मेजर पवन कुमार जरियाल के बलिदान पर कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने गहरा शोक व्यक्त किया है। शनिवार को सांसद सिहोलपुरी स्थित बलिदानी के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं प्रकट कीं।
सांसद भारद्वाज ने कहा कि सूबेदार मेजर पवन कुमार ने देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। राष्ट्र उनका यह त्याग कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार और भाजपा परिवार इस कठिन समय में परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और हरसंभव सहायता की जाएगी।
जयराम ठाकुर ने भी की परिजनों से बात
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से भी शोक संतप्त परिवार की फोन पर बात करवाई। जयराम ठाकुर ने भी पवन कुमार के बलिदान पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।