लोक मित्र केंद्र के उद्घाटन के बाद लोगों की समस्याएं सुनते किशोरी लाल। लोक संपर्क विभाग
- फोटो : फाइल फोटो
बैजनाथ (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र के जंडपुर में विधायक किशोरी लाल ने पांच लाख रुपये से तैयार लोक मित्र केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर किशोरी लाल ने कहा कि लोक मित्र केंद्र की स्थापना से ग्रामीणों को अब सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं का लाभ घर के पास ही मिल सकेगा। इस केंद्र के माध्यम से आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, बिजली बिल भुगतान, रोजगार पंजीकरण जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विधायक ने कहा कि लोक मित्र केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल समावेशन को सशक्त बना रहे हैं।
यह केंद्र स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा। इस अवसर पर उन्होंने जनसमस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बीडीओ पंचरुखी सिकंदर कुमार, प्रधान रीता देवी, उपप्रधान वीरेंद्र जम्वाल, राजिंदर राणा, सुरिंदर, जगदीश राणा और कांता आदि उपस्थित रहे। संवाद