पालमपुर (कांगड़ा)। विधायक आशीष बुटेल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत पढ़ियारखर और चंदरौपा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पढ़ियारखर में 32.5 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित स्वास्थ्य उपकेंद्र भदरैणा के भवन का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में कुल 41 लाख रुपये से अधिक के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए बुटेल ने कहा कि भदरैणा स्वास्थ्य उपकेंद्र में लोगों को घर-द्वार पर बेहतर उपचार मिल सके, इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी का पद भी स्वीकृत करवाया गया है। इससे क्षेत्र की बड़ी आबादी लाभान्वित होगी। भदरैणा में उन्होंने 3.5 लाख रुपये की लागत से बने महिला मंडल भवन का उद्घाटन किया। पांच लाख रुपये की लागत से बनने वाले पंचायत सामुदायिक भवन (मीटिंग हॉल) का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में उपस्थित तीन महिला मंडलों को विधायक ने 15-15 हजार रुपये देने की घोषणा की। स्थानीय लोगों की मांग पर बुटेल ने भद्रघाट के निर्माण के लिए 2.5 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का एलान किया। इससे पूर्व विधायक ने ग्राम पंचायत चंदरौपा का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया।
इस अवसर पर वूल फेडरेशन के निदेशक त्रिलोक चंद, सीएमओ कांगड़ा डॉ. विवेक करोल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनीत शर्मा, सहायक अभियंता सार्थक सूद, जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता जितेश, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता मोहित, पंचायत निरीक्षक ध्रुव सिंह भूरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।