नगरोटा बगवां के चाहड़ी रोड़ में हुई दुर्घटना से टूटे हुए कार के कुछ पार्ट्स। फोटो जागरूक पाठक।
हादसे के बाद मौके से भागा आरोपी चालक, पुलिस तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। चाहड़ी रोड पर सोमवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क किनारे खड़े 35 वर्षीय मर्चेंट नेवी कर्मी अमन जंबाल की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार सहित फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, पठियार की तरफ से तेज गति से आ रही कार ने सड़क किनारे खड़े अमन जंबाल पुत्र अशोक जंबाल निवासी चाहड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें नगरोटा बगवां अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर एसएचओ संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां दुर्घटनाग्रस्त कार का पहिया कवर और कुछ अन्य पुर्जे मिले हैं। पुलिस सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
दो दिन बाद लौटना था ड्यूटी पर
अमन मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे और कुछ दिन की छुट्टी लेकर घर आए थे। उन्होंने परिवार के साथ दिवाली और अपना जन्मदिन मनाया था। दो दिन बाद उन्हें ड्यूटी पर लौटना था। विवाहित अमन का करीब डेढ़ साल का बेटा है। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मामले में बीएनएस की धारा 281, 106(1) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत अज्ञात वाहन के नामालूम चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।