20 फरवरी को संभाल सकते हैं कार्यभार
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पुलिस जिला देहरा को पहला पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिल गया है। 2019 बैच के आईपीएस मयंक चौधरी को यहां का एसपी बनाया गया है। अभी तक नूरपुर के एसपी अशोक रतन को देहरा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। अब वह अतिरिक्त कार्यभार से रिलीव हो जाएंगे। आईपीएस मयंक चौधरी इससे पहले लाहौल-स्पीति के पुलिस अधीक्षक थे। वह 20 फरवरी को कार्यभार संभाल सकते हैं। प्रदेश सरकार ने देहरा को पुलिस जिला बनाने की अगस्त 2024 में अधिसूचना जारी की थी।
पिछले साल 5 सितंबर को प्रदेश सरकारी की ओर से जारी नोटिफिकेशन में पुलिस जिला देहरा का अतिरिक्त कार्यभार नूरपुर से एसपी अशोक रत्न को सौंपा गया था। नया पुलिस जिला बनने पर देहरा एसपी के अधीन देहरा, ज्वालामुखी और डाडासीबा डीएसपी कार्यालय, ज्वालामुखी, रक्कड़, खुंडियां, देहरा, हरिपुर, डाडासीबा थानों के अलावा लगड़ू, मझीण, रानीताल, संसारपुर टैरेस और मोईन पुलिस चौकियां होंगी। देहरा प्रदेश का 15वां पुलिस जिला बना था। इससे पहले नूरपुर 14वां पुलिस जिला था। कांगड़ा प्रदेश का एकमात्र जिला बन गया है जिसके तहत सर्वाधिक तीन पुलिस जिला हैं।