नागनी माता परिसर में भीषण अग्निकांड से राख के ढेर में तबदील दुकानें। स्रोत: जागरूक पाठक
नूरपुर (कांगड़ा)। उपमंडल नूरपुर के तहत भड़वार स्थित नागनी माता मंदिर परिसर में रविवार देर रात भीषण अग्निकांड में आठ दुकानें जलकर राख हो गईं। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। देर रात हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर से सटी दुकानों में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग इतनी भयंकर हो चुकी थी कि दमकल दल के पहुंचने से पहले ही दुकानों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
दुकानदारों ने इस घटना के पीछे शरारती तत्वों की साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि रात के समय सभी दुकानें बंद थीं और बिजली सप्लाई भी सामान्य थी। ऐसे में अचानक आग लगना संदेहास्पद है। दुकानदारों की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रभावित दुकानदार ने अग्निकांड से नुकसान की भरपाई के मुआवजे की मांग की है।
एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया था। नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना में यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नागनी माता परिसर में भीषण अग्निकांड से राख के ढेर में तबदील दुकानें। स्रोत: जागरूक पाठक
नागनी माता परिसर में भीषण अग्निकांड से राख के ढेर में तबदील दुकानें। स्रोत: जागरूक पाठक