राजा का तालाब (कांगड़ा)। उपतहसील राजा का तालाब की ग्राम पंचायत नेरना में शुक्रवार को निर्माणाधीन भवन की छत से पैर फिसलने के कारण राजमिस्त्री देशराज (60) की मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार देशराज भवन निर्माण के दौरान छत पर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत राजा का तालाब स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना रैहन की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर से नेरना क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने देशराज के निधन पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।