इलाके के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझेड़ा (भुआणा) में आए दिन ताला लगा होने और स्टाफ की नियुक्ति न होने पर इलाके के लोग लामबंद होने लगे हैं।
लोगों ने जल्द हस्ताक्षर अभियान शुरू कर सरकार को एक ज्ञापन सौंपने का फैसला लिया है। स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटकने से गुस्साए पंचायत भुआणा, कैलाशपुर और मकोल के लोगों ने किसान नेता मनजीत डोगरा की अध्यक्षता में एक बैठक की। बैठक में फैसला लिया कि जल्द एक हस्ताक्षर अभियान शुरू कर सरकार को स्वास्थ्य केंद्र में ताला लटकने और स्टाफ न होने पर ज्ञापन सौंपा जाएगा। लोगों का कहना है कि करीब डेढ़ साल हो गया और इस स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की नियमित रूप से नियुक्ति नहीं हो पाई है।
लिहाजा, यहां पर पंचरुखी से डेपुटेशन पर चिकित्सक आते हैं। मनजीत डोगरा ने कहा कि धार क्षेत्र के अंदर एक अस्पताल की जरूरत है। लेकिन, यहां पर स्वास्थ्य सुविधाएं नाममात्र है। सुचारु रूप से स्वास्थ्य केंद्र का न चल पाना सरकार की कमजोरी को दर्शाता है। लोगों का कहना है कि इस मामले को लेकर धार क्षेत्र में एक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा ।
लोगों कृष्ण, तिलक, मनोज, सुरेश, अशोक, लक्ष्मण, विजय कुमार, संजय कुमार, अजय, वीना, कमला, रक्षा, सरोज, कांता, राज कुमारी, सपना और अंजु लोगों ने कहा कि जल्द मझेड़ा स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की तैनाती की जाए। महाकाल के बीएमओ डा. बीएन शर्मा ने कहा कि इस बारे विभाग के उच्च अधिकारी ही अधिक जानकारी दे सकते हैं।