जसूर (कांगड़ा)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच नूरपुर जोन की मासिक बैठक जसूर में प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल पठानिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के दौरान लंबित मांगों को लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया। कर्मचारियों ने कहा कि समय पर पेंशन न मिलना और हर बार पेंशन के लिए इंतजार करना उनके लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से सरकार और प्रबंधन के समक्ष अपनी समस्याएं उठाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल पठानिया, प्रेस सचिव रणजोत सिंह, जोगिंद्र सिंह पठानिया सहित अन्य पेंशनरों ने मुख्य रूप से पेंशन का स्थायी समाधान निकालने, सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एकमुश्त पेंशन देने, लंबित मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान करने और जनवरी 2016 से देय भत्तों के बकाया का जल्द निपटारा करने की मांग उठाई।
उन्होंने सरकार और निगम प्रबंधन की ओर से मांगों की अनदेखी पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इसी कड़ी में आगामी 16 मार्च को संयुक्त संघर्ष समिति के साथ मिलकर जिला मुख्यालय में रोष प्रदर्शन किया जाएगा और जिला उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान जोगिंद्र सिंह, निर्मल सिंह, तीस राज, नसीब सिंह, अशोक कुमार, यशपाल सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। संवाद