कोटला (कांगड़ा)। शहीद उत्तम राणा व प्रताप सिंह मेमोरियल 21वीं दो दिवसीय वॉलीबाॅल एवं कबड्डी प्रतियोगिता का समापन हुआ। अंडर-14 कबड्डी में लिटिल फ्लावर दुराना और अंडर-19 में नूरपुर ने खिताब जीता। वॉलीबाॅल के अंडर-19 वर्ग में फतेहपुर तथा ओपन वर्ग में शाहपुर की टीम चैंपियन बनी। समापन समारोह में सेवानिवृत्त कर्नल पीसी आजाद मुख्यातिथि और समाजसेवी महिंद्र सिंह जरयाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कबड्डी के अंडर-14 फाइनल में लिटिल फ्लावर दुराना ने दीवाने क्लब हारचक्कियां को हराकर ट्रॉफी व 2,100 रुपये जीते। उपविजेता को 1,500 रुपये मिले। अंडर-19 वर्ग में नूरपुर ने एनआईटी हमीरपुर को हराकर खिताब व 4,100 रुपये हासिल किए और उपविजेता को 3,100 रुपये दिए गए।
वॉलीबाॅल के अंडर-19 फाइनल में फतेहपुर ने कांगड़ा इंटरनेशनल स्कूल शाहपुर को हराकर 3,100 रुपये व ट्रॉफी जीती। उपविजेता को 2,100 रुपये मिले। ओपन वर्ग में शाहपुर ने हारचक्कियां को हराकर खिताब व 9,100 रुपये जीते और उपविजेता को 7,100 रुपये प्रदान किए गए।
इस दौरान राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले 10 खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मुख्यातिथि ने कहा कि वर्ष 2005 के शहीदों की स्मृति में हर साल यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है।