धर्मशाला। सफलता की सीढ़ी सिर्फ विश्वास है और उसके दम पर ही जीवन में तय लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है। गलत आदतें सोचने और समझने की क्षमता को खत्म कर देती हैं, जिससे विद्यार्थी बुरे कामों में फंसता चला जाता है। यह बात अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से चामुंडा व्यू पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल डाढ में आयोजित ‘पुलिस की पाठशाला’ के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा हितेष लखनपाल ने कही।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों पर भी जानकारी दी। साइबर ठगों के बारे में विद्यार्थियों को सचेत करते हुए लखनपाल ने कहा कि साइबर ठग पहले लोगों को विश्वास में लेते हैं, जब लोगों का उन पर विश्वास पक्का हो जाता है, तब वे ठगी की वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कारित होने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक संस्कारित विद्यार्थी ही अच्छे और बुरे की सही ढंग से पहचान कर सकता है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को एफआईआर क्या होती है, के बारे में बताया। साथ ही इसे कैसे दर्ज किया जाता है, इसके बारे में भी जानकारी मुहैया करवाई। इस दौरान उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन नंबर और पुलिस विभाग के बारे में भी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के सेवन से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने का भी आह्वान किया। इसके अलावा विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के फायदे और नुकसानों के बारे में भी अवगत करवाया। इस अवसर पर स्कूल के एमडी सहित अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा और उन्होंने अमर उजाला के इस प्रयास की सराहना की।
नशे को लेकर सजग रहें बच्चे और अभिभावक : चौधरी
स्कूल की प्रधानाचार्य सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि आज के समय में बच्चों को नशे से दूर रखना सबसे बड़ी चुनौती है, क्योंकि नशा तस्कर शिक्षण संस्थानों के बच्चों को अपनी गिरफ्त में लेने का प्रयास करते हैं। बच्चों और अभिभावकों को सजगता बरतनी होगी। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में एएसपी ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम बहुत ही अच्छा रहा है, इसमें मुझे काफी जानकारी मिली है। साइबर क्राइम और उससे बचाव के बारे में भी बहुत लाभदायक जानकारी हासिल हुई है। - श्रुति, छात्रा
हमें लगा था कि कुछ ऐसा ही कार्यक्रम होगा, लेकिन अमर उजाला के इस कार्यक्रम में एएसपी सर ने जो जानकारी दी, वह पहले कभी नहीं मिली थी। अब हमें समझ में आ गया है कि किस तरह हम साइबर अपराध से बच सकते हैं। -मन्नत, छात्रा
अमर उजाला की ओर से आयोजित इस पाठशाला में मुझे कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन जानकारियों का जहां मैं खुद अमल में लाऊंगी, वहीं परिवार के सदस्यों को भी इनसे अवगत करवाऊंगी। - पायल, छात्रा
पायल, चामुंडा व्यू स्कूल
पायल, चामुंडा व्यू स्कूल
पायल, चामुंडा व्यू स्कूल
पायल, चामुंडा व्यू स्कूल